• Sat. Feb 21st, 2026

7 माह की गर्भवती बेटी को 1KM चारपाई पर लेकर SSP ऑफिस पहुंचा पिता, कहा- ससुराल वालों ने कई दिनों भूखा-प्यासा रखा, पेट-पीठ पर लातें मारीं…घर से निकाला

उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में अतिरिक्त दहेज के लिए गर्भवती की ससुरालीजनों ने पिटाई कर दी। उसे भूखा-प्यासा रखा गया। मांग पूरी न होने पर 7 महीने की गर्भवती को घर से निकाल दिया। उसके पिता ने उत्तर पुलिस से मामले की शिकायत की, मगर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद परिजन पीड़िता को चारपाई पर लिटाकर एक किलोमीटर का सफर तय कर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। जहां पीड़िता ने पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई है।

दहेज में 5 लाख रुपये की मांग
बता दें कि थाना मटसैना के आकलपुर दामोदरपुर के प्रदीप कुमार ने बेटी शिवानी की शादी 28 फरवरी 2023 को थाना उत्तर के नगला पानसहाय निवासी अश्वनी से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।

5 लाख लिए बिना वापस आई तो जान से मार देंगे…
पिता ने बताया कि 21 मई 2025 को ससुरालियों ने 7 माह की गर्भवती शिवानी को पटककर पेट और पीठ पर लात मारीं। धमकी दी कि बिना 5 लाख लिए वापस आई तो जान से मार देंगे। घटना के बाद बेटी चल नहीं पा रही, इसलिए उसे चारपाई पर लेकर आए हैं। उसका गर्भ भी खतरे में है। पीड़िता को लेकर वह कई बार उत्तर थाने गए, लेकिन थाना पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद बृहस्पतिवार को परिजन पीड़िता को चारपाई पर लिटाकर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *