• Thu. Apr 9th, 2026

देश के पहले गांव माणा में आयोजित हो रहे पुष्कर कुंभ का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ हो गया।

बदरीनाथ धाम से तीन किमी दूर स्थित देश के पहले गांव माणा में 12 साल बाद आयोजित हो रहे पुष्कर कुंभ का बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ हो गया। इस दौरान दक्षिण भारत से भी कई श्रद्धालु यहां पहुंचे। परंपरा के अनुसार 12 साल के अंतराल पर बृहस्पति के मिथुन राशि में प्रवेश करने पर माणा में अलकनंदा और सरस्वती नदी के संगम पर पुष्कर कुंभ का आयोजन किया जाता है।

इसमें दक्षिण भारत से वैष्णव समुदाय के लोग भाग लेते हैं। बद्रिकाश्रम क्षेत्र में इसके आयोजन का मुख्य कारण यही है। माणा गांव के पास अलकनंदा और सरस्वती नदियों के संगम केशव प्रयाग में सुबह की पूजा-अर्चना के साथ कुंभ की शुरुआत हुई। माणा गांव के प्रशासक पीतांबर मोल्फा ने बताया कि कुंभ के तहत गुरुवार से अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुष्कर कुंभ में दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

बताया जाता है कि महर्षि वेदव्यास ने केशव प्रयाग में तपस्या के दौरान प्रसिद्ध ग्रंथ महाभारत की रचना की थी। साथ ही दक्षिण भारत के प्रमुख आचार्यों रामानुजाचार्य और मध्वाचार्य ने सरस्वती नदी के तट पर ही मां सरस्वती से ज्ञान प्राप्त किया था। अपनी परंपरा को कायम रखने के लिए पुष्कर कुंभ के दौरान दक्षिण भारत से लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *