• Sat. Sep 19th, 2026

सुरक्षित बचपन, सुरक्षित सफर: नियम मानेंगे, तभी बच्चे सुरक्षित घर पहुंचेंगे!”

बदायूं में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत 5 स्कूली वाहनों पर गाज, खनन में लगे 8 ओवरलोड ट्रक सीज

बदायूं। शासन और जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशानुसार स्कूली बच्चों के सुरक्षित व सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। 14 सितंबर से 19 सितंबर तक चलाए गए 6 दिवसीय विशेष जांच अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत विभाग की टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।

स्कूली वाहनों की सघन चेकिंग

अभियान के दौरान कुल 30 स्कूली वाहनों की औचक जांच की गई। सुरक्षा मानकों पर खरे न उतरने और कमियां पाए जाने पर 05 स्कूली वाहनों का चालान करते हुए उन्हें बंद (सीज) करने की कार्रवाई की गई।

खनन और ओवरलोडिंग पर ए.आर.टी.ओ. का प्रहार

ए.आर.टी.ओ. श्री हरिओम जी के नेतृत्व में ओवरलोड मालवाहकों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। खनन कार्य में लिप्त 08 ओवरलोड माल वाहनों को सीज कर थाना बिसौली एवं उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में खड़ा कराया गया। इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों द्वारा ₹03 लाख का जुर्माना सरकारी खजाने में जमा कराया गया।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 38 चालान

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 38 दोपहिया व चारपहिया वाहनों के चालान भी काटे गए।

परिवहन विभाग की अपील

सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों व चालकों से अपील की है कि:

  • ​सड़क सुरक्षा के नियमों का पूर्णतः पालन करें।
  • ​वाहनों के सभी वैध कागजात/प्रपत्र हमेशा पूरे रखें।
  • ​वाहनों में क्षमता से अधिक सामान या सवारी (ओवरलोडिंग) न भरें।
  • ​सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *