रांची। रांची के बहुचर्चित सफायर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र विनय महतो की हत्या मामले में शुक्रवार को विशेष सीबीआई अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। मृतक छात्र के पिता मनबहाल महतो द्वारा सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ दायर प्रोटेस्ट पिटीशन पर अदालत ने आंशिक बहस सुनी और मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह के लिए निर्धारित कर दी।
सुनवाई के दौरान मनबहाल महतो की ओर से अधिवक्ता खुशबू कटारुका ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाते हुए उसके निष्कर्षों का विरोध किया। उन्होंने अदालत के समक्ष तर्क दिया कि मामले में कई ऐसे पहलू हैं, जिन पर अभी भी स्पष्टता नहीं है और क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि यह मामला लगभग एक दशक पुराना है। रांची-खूंटी रोड स्थित सफायर इंटरनेशनल स्कूल के हॉस्टल परिसर में 4-5 फरवरी 2016 की रात सातवीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र विनय महतो की निर्मम हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुबह उसका शव टीचर्स स्टाफ क्वार्टर के कॉरिडोर के पास खून से लथपथ अवस्था में मिला था। इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग लंबे समय तक उठती रही।
अब सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ दायर प्रोटेस्ट पिटीशन पर चल रही सुनवाई से एक बार फिर इस बहुचर्चित हत्याकांड की ओर लोगों का ध्यान केंद्रित हो गया है। पीड़ित परिवार अब भी न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।

