यूपी के प्रयागराज में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है। यहां शादी करके दूल्हा दुल्हन को विदा करा के घर पहुंचा। सुहागरात में दुल्हन के पेट में दर्द उठा, जब दूल्हा उसको अस्पताल लेकर पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। डॉक्टरों ने बताया कि दुल्हन प्रेग्नेट है। थोड़ी देर बाद ही दुल्हन ने बच्चे को जन्म दे दिया।
प्रयागराज: अगर शादी हो और सुहागरात वाले ही दिन बच्चा हो जाए, तो सुनकर बड़ा अजीब लगेगा, लेकिन यूपी में यह घटना हुई है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से यह मामला सामने आया है। जिसने भी यह मामला सुना, उसके होश उड़ गए। प्रयागराज का यह मामला अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रयागराज जिले के करछना क्षेत्र के एक गांव में 24 फरवरी को बरात आई थी। घरातियों ने बरातियों का स्वागत किया और जयमाल कार्यक्रम समेत विवाह की सारी रस्में पूरी की गईं। अगले दिन सुबह दुल्हन की विदाई हुई। ससुराल पहुंची दुल्हन का परिजनों ने रीति-रिवाज के साथ गृह प्रवेश कराया और होने वाली रस्मों को पूरा किया गया।
25 फरवरी को सुहागरात को ही दुल्हन को पेट में दर्द शुरू हो गया। ससुरालीजनों ने घरेलू उपचार से पेट दर्द को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। दुल्हन के पेट में दर्ज बढ़ता जा रहा था। जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया तो आनन-फानन में दूल्हा और ससुरालीजन दुल्हन को देर रात में ही करछना सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने दुल्हन की जांच की। डॉक्टरों ने दूल्हे और उनके परिजनों को जो बताया, उसको सुनकर सभी के होश उड़ गए।
दुल्हन को भेजा मायके
डॉक्टरों ने दूल्हे और परिजनों को बताया कि दुल्हन के पेट में नौ माह का बच्चा है, जिसके कारण उसके पेट में दर्द हो रहा था। कुछ देर में बच्चे की डिलीवरी हो जाएगी। डॉक्टरों की बात सुनते ही ससुरालीजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। दूल्हे ने तुरंत ससुराल को फोन किया और लोगों को बुलाया। दुल्हन ने थोड़ी देर बाद नवजात को जन्म दिया। अगले दिन 26 फरवरी को दूल्हे ने दुल्हन को उसके परिजनों के साथ नवजात संग मायके भेज दिया।
दूल्हे का ही है बच्चा- मायके वाले
वहीं, दुल्हन के 24 घंटे के अंदर मां बनने के बाद बवाल मचा हुआ है। दुल्हन के परिजनों का कहना है कि 2024 मई में बेटी की शादी तय हुई थी। शादी तय होने के बाद से दूल्हा और दुल्हन में फोन पर बातचीत होने लगी। दोनों मिलने-जुलने लगे। जो बच्चा हुआ है, वह दूल्हे का ही, लेकिन लड़का इस बात को नहीं मान रहा है। बहू को लड़के के पिता ने अपनाने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन उसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। पंचायत में भी कोई फैसला नहीं हो पाया।
