• Wed. Jun 18th, 2025

मोर्चरी से शव की आंखे नोच ले गए चूहे

BySirfjanpaksh

Dec 8, 2023

झांसी

झांसी मेडिकल कॉलेज मोर्चरी में शव की आंखे नोच ले गए चूहे

झांसी मेडिकल कॉलेज में शव की आंखें खा गए चूहेः व्यापारी की मोर्चरी में रखी थी लाश; घरवालों ने किया हंगामा तो भाग गए कर्मचारी
झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को बड़ी घटना हो गई। यहां की मोर्चरी में रखे व्यापारी के शव की आंखें चूहे खा गए। इस हाल में शव देखकर घरवाले बिफर पड़े और हंगामा कर दिया। घरवालों का गुस्सा देखकर कर्मचारी भाग खड़े हुए।

सूचना पर कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी पहुंच गए और घटना को संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताया। विवाद बढ़ने पर मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. सचिन माहौर भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। अब शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।

एक व्यापारी ने घर पर खा लिया था जहर
मृतक का नाम संजय जैन (40) पुत्र वीरेंद्र जैन था। वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे का रहने वाला था। मृतक के बड़े भाई सुनील जैन ने बताया कि संजय जैन गल्ला खरीदने का काम करते थे। वह कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। बुधवार दोपहर को वह दुकान से घर आए और कमरे में जाकर लेट गए। उल्टी होने पर पिता देखने गए, तो मुंह से बदबू आ रही थी। पूछने पर भाई ने बताया कि जहर खा लिया है। उनके पास से जहर का एक पाउच भी मिला। तब तुरंत उनको झांसी मेडिकल कॉलेज लाए और एडमिट करा दिया।

डेढ़ घंटे में शव की आंखें खा गए चूहे
भाई ने आगे बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सुबह करीब 5 बजे भाई संजय जैन ने दम तोड़ दिया। सुबह करीब 8 बजे शव को मोर्चरी में रखवाया गया। शव लोहे के बॉक्स में रखा था। इसके बाद हम सब लोग बाहर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे बाद रिश्तेदार आए तो शव को देखने दोबारा मोर्चरी आए। जाकर देखा तो संजय की दोनों आंखें नहीं थी। चूहे या अन्य जानवर भाई की आंखें खा गए। बॉक्स भी टूटे हुए हैं। दो भाइयों में संजय छोटा था। वह अविवाहित था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले- अफसरों पर दर्ज हो मुकदमा पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य का कहना है कि सीएमओ कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं। यहां बॉक्स भी टूटे पड़े हैं। लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है। हम चाहते हैं कि इस मामले में अफसरों पर मुकदमा लिखा जाए और कड़ी कार्रवाई हो।
जाली टूटने से घटना हो गई मेडिकल कॉलेज के CMS डॉ. सचिन माहौर का कहना है कि मोर्चरी में शव को क्षति पहुंचाने के मामले में मौके पर गया था। मोर्चरी में नाले की जाली टूटने के कारण चूहा या अन्य जानवर घुस आया और शव को क्षति पहुंचाई है। इसे तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जा रहा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *